क्या आप जानते है नवरात्रि में किस देवी को कौन सा फूल चढ़ाया जाता है-
नवरात्रि में 9 देवियों को पूजा में चढ़ाएं ये फूल, मां होंगी प्रसन्न
चैत्र नवरात्रि शुरु होने में अब कुछ ही समय बाकी है। हिन्दू धर्म में नवरात्रि का बहुत महत्व है। इस अवसर पर 9 दिन तक मां दुर्गा के 9 स्वरूपों की पूजा की जाती है। इन नौ दिनों में मां की पूजा बहुत धूम धाम से की जाती है।
नवरात्रि की पूजा-पाठ में फूल बहुत महत्व रखते हैं। पूजा करते समय देवी मां को अर्पित करने के लिये फूलों की आवश्यकता होती है। ऐसे में नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करते समय कुछ खास तरह के फूल उनके चरणों में अर्पित किये जाते हैं। इन फूलों को चढ़ाना बहुत शुभ माना जाता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ऐसा करने से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और अपने भक्तों की सभी मनोकामनायें पूरी करती हैं। आज हम इस लेख में आपको यह बताने जा रहे हैं कि मां दुर्गा को प्रसन्न करने हेतु उनके 9 स्वरूपों पर कौन-कौन से फूल अर्पित करने चाहिए। तो आइये जानते हैं कि 9 देवियों को कौन-कौन से फूल प्रिय हैं....
प्रथम, मां शैलपुत्री :
नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। उनको प्रसन्न करने के लिए आप सफेद कनेर के पुष्प का प्रयोग कर सकते हैं। पूजा में सफेद कनेर के फूलों की माला पहनाकर माता को पहनाएं।
द्वितीय, मां ब्रह्मचारिणी :
नवरात्र का दूसरा दिन मां ब्रह्माचारिणी को समर्पित है। मां की पूजा के बाद उन्हें वटवृक्ष के पत्ते और वटवृक्ष के पुष्पों की माला अर्पित करनी चाहिए। इससे बुद्धि और ज्ञान में इजाफा होता है। साथ ही व्यापार में भी सफलता हासिल होती है।
तृतीय, मां चंद्रघंटा :
तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा की जाती है। पूजा के बाद शंखपुष्पी के पुष्प चढ़ाने के बाद पराक्रम में वृद्धि होती है। घर में खुशहाली आती है और सुख समृद्धि आती है।
चतुर्थी, मां कुष्मांडा :
नवरात्र के चौथे दिन मां कुष्मांडा की पूजा की जाती है। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पीले रंग के पुष्प चढ़ाने से मां प्रसन्न होती हैं। अच्छे स्वास्थ्य की प्राप्ति होती है।
पंचमी, मां स्कंदमाता :
नवरात्र का पांचवा दिन मां स्कंदमाता को समर्पित है। मां स्कंदमाता को नीले रंग के पुष्प चढ़ाए जाते हैं। इससे संतान प्राप्ति होती है।
छठवीं, मां कात्यायनी :
नवरात्र में छठवें दिन कात्यायनी देवी की पूजा की जाती है। पूजन के बाद बेर के पेड़ के पुष्प चढ़ाने से मां की कृपा प्राप्त होती है। शत्रुओं पर विजय प्राप्त होती है।
सप्तमी, मां कालरात्रि :
नवरात्र का सातवां दिन मां कालरात्रि को समर्पित है। इन्हें गुंजामाला अर्पित करनी चाहिए। इससे मां प्रसन्न होती हैं।
अष्टमी, मां महागौरी :
नवरात्र में आठवें दिन मां गौरी की पूजा की जाती है। सामान्य पूजा के बाद मां को कलावा की माला चढ़ाएं। ऐसा करने से मां की पूरी कृपा भक्तों को प्राप्त होती है।
नवमी, मां सिद्धिदात्री:
नवरात्र का नौवां दिन मां सिद्धिदात्री को समर्पित है। इनकी पूजा करने के बाद इन्हें गुड़हल के पुष्प चढ़ाए जाते हैं। इससे मां की कृपा भक्तों पर बनी रहती है।
Tags: Navratri, Chaitra Navratri 2023, Navratri Puja, Relgious, Navratri Flower, Navdurga, Gudhal Flower, Hindu festival, shardiya navratri 2023, Flower, Goddess Durga, Ma durga, Spiritual, Indian festival
Post A Comment:
0 comments so far,add yours